November 06, 2026 | 23:43:40

ग्रेटर नोएडा में कांग्रेस का दीपावली मिलन समारोह, पत्रकारों के साथ दीपक भाटी चोटीवाला ने साझा किए विचार

05 Nov 2026
ग्रेटर नोएडा में कांग्रेस का दीपावली मिलन समारोह, पत्रकारों के साथ दीपक भाटी चोटीवाला ने साझा किए विचार

ग्रेटर नोएडा। जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर की ओर से प्रत्येक वर्ष की परंपरा के अनुसार दीपावली मिलन समारोह का आयोजन ग्रेटर नोएडा स्थित YMCA क्लब में हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया गया। सुबह 10:30 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में जिले के प्रमुख समाचार पत्रों, राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय समाचार चैनलों और डिजिटल मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों के साथ कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम में राजनीतिक गतिविधियों से अलग आत्मीय और पारिवारिक माहौल देखने को मिला। पत्रकारों और कांग्रेसजनों ने आपसी संवाद के माध्यम से सामाजिक सरोकारों, जनहित के मुद्दों और लोकतांत्रिक मूल्यों पर विचार साझा किए।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने उपस्थित पत्रकारों और अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और उत्सव मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि प्रेम, सद्भाव, विश्वास और सामाजिक एकता का संदेश देने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन पत्रकार साथियों, शुभचिंतकों और कांग्रेस परिवार के सदस्यों के साथ संबंधों को मजबूत करने का माध्यम है।

उन्होंने पत्रकारिता को लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ बताते हुए कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और निर्भीक मीडिया लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखता है। पत्रकार समाज और सत्ता के बीच संवाद का सेतु होने के साथ आम जनता की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

दीपक भाटी चोटीवाला ने गौतमबुद्ध नगर के पत्रकारों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकारों ने हमेशा जिले की सामाजिक, राजनीतिक और जनहित से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने पत्रकारों और कांग्रेस संगठन के बीच आपसी सम्मान एवं विश्वास का रिश्ता मजबूत बनाए रखने की बात कही।

इस दौरान दीपक भाटी चोटीवाला ने आगामी राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर दावा किया कि अगले वर्ष दीपावली तक प्रदेश में राजनीतिक बदलाव होगा और कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय किसानों और युवाओं को लाभ मिलेगा।

समारोह में मौजूद पत्रकारों और कांग्रेस पदाधिकारियों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक एकता, भाईचारे और आपसी सहयोग का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर चरण सिंह, दुष्यंत नागर, गौतम अवाना, मुकेश शर्मा, तेजवीर सिंह, नीरज लोहिया, सतीश शर्मा, निशा शर्मा, सूबेदार सतपाल सिंह, किशन शर्मा, देवेश चौधरी, विजय नागर, रघुराज शर्मा, पुनीत मावी, कैलाश बंसल, धर्म सिंह, शीबा राय, शिवानी सिंह, नरेश शर्मा, सुबोध भट्ट, श्रुति कुमारी, अमित कुमार, सचिन जीनवाल, प्रिंस भाटी, नीरज शर्मा, दयानंद नागर, आलोक शर्मा, हबीब इदरीशी, महकार सिंह, महेश नागर, मोहित भाटी, दीपक कुमार, भूपेंद्र सिंह, नूर मोहम्मद और जमरुद्दीन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement